मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
आदिवासी अंचल जुन्नारदेव में युवाओं को भारतीय सेना, पुलिस बल एवं अन्य क्षेत्रों में देश सेवा के लिए प्रेरित करने वाली एहसान डिफेंस फिजिकल अकादमी के 10 अभ्यर्थियों का मध्यप्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में अरुण प्रजापति, अभिषेक विश्वकर्मा, अंकुर कापसे, नवीन धुर्वे, नितेश उईके, प्रशांत उईके, प्रवीण अहाके, राजा यदुवंशी, रोहित सोमकुंवर एवं निशा यदुवंशी शामिल हैं।
इसके अलावा, एसएएफ बटालियन का प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे भीम यदुवंशी, नितिन आम्रवंशी एवं सौरभ सिंह उईके तथा सीआरपीएफ का प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे वीरेंद्र नागले के सम्मान में अकादमी संचालक एहसान खान द्वारा कन्हान वैली स्टेडियम, डूंगरिया स्थित बैडमिंटन हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कन्हान बचाओ मंच के अध्यक्ष मनीष बंटी साहू उपस्थित रहे। उनके साथ अवधेश केथवास, रवि पुराणिक, दशरथ यादव एवं डूंगरिया हाई स्कूल के पीटीआई पूर्वी भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सभी चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय फिजिकल कोच एहसान खान को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि मनीष बंटी साहू ने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ सिंह चौहान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अनिल पाटिल एवं सलमान खान का विशेष योगदान रहा।

