भारत गैस एजेंसी पर फर्जी डिलीवरी और कालाबाजारी के आरोप, उपभोक्ता परेशान | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जिला मुख्यालय के स्वरूप नगर, काशी नगर स्थित ‘जनसेवा भारत गैस एजेंसी’ पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी द्वारा समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जबकि रिकॉर्ड में फर्जी तरीके से डिलीवरी दर्शाई जा रही है। इस संबंध में रुद्रपुर निवासी उपभोक्ता गुड्डी पत्नी प्रताप सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, पहले ही ले लिया डिलीवरी कोड

पीड़ित उपभोक्ता गुड्डी (उपभोक्ता संख्या 29940949) ने बताया कि उन्होंने 7 मई 2026 को गैस सिलेंडर बुक कराया था। आरोप है कि एजेंसी पर पर्ची कटने के साथ ही कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर आया डिलीवरी कोड ले लिया। इसके बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। जब भी उपभोक्ता एजेंसी पहुंचते हैं, कर्मचारी “गैस वितरण हो चुका है” कहकर उन्हें वापस भेज देते हैं।

कालाबाजारी का संदेह, शादियों और परिचितों को दी जा रही प्राथमिकता

शिकायतकर्ता और मौके पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर सिलेंडरों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है। आम उपभोक्ताओं को परेशान कर उनके हिस्से के सिलेंडर शादियों और रसूखदार लोगों को ऊंचे दामों पर दिए जा रहे हैं। वर्तमान में एजेंसी पर प्रतिदिन उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन अधिकांश लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

एजेंसी मालिक का फोन स्विच ऑफ, घरों में चूल्हे ठप

उपभोक्ताओं की परेशानी तब और बढ़ गई जब एजेंसी मालिक का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिलने लगा। सही जानकारी न मिलने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में समय पर गैस न मिलने से खाना बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित उपभोक्ताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, रिकॉर्ड में दर्ज फर्जी डिलीवरी की पड़ताल करने तथा दोषी गैस एजेंसी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article