विधायक अर्चना चिटनिस के प्रयासों से बुरहानपुर व फोफनार में 10 करोड़ की लागत से दो छात्रावास निर्माण को मिली मंजूरी | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भवन निर्माण की मंजूरी मिलना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह सफलता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस की सक्रिय पहल तथा विकास के विषयों पर पैनी नजर रखते हुए स्वीकृति मिलने तक किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। स्वीकृति मिलने पर श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री नागरसिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

श्रीमती अर्चना चिटनिस लंबे समय से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाओं की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाती रही हैं। उन्होंने कई बार शासन और संबंधित विभागों के समक्ष यह मुद्दा रखा कि बुरहानपुर के अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल रहने की उचित व्यवस्था के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। इस गंभीर समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए और इस विषय को लगातार प्राथमिकता में रखा। उनकी इसी सतत पहल का परिणाम है कि अब बुरहानपुर जिले में दो महत्वपूर्ण छात्रावासों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है।

श्रीमती चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर के फोफनार क्षेत्र में 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास के निर्माण के लिए लगभग 499.78 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं जिला मुख्यालय पर 50 सीटर प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास के लिए लगभग 500.02 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कुल मिलाकर यह लगभग 10 करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट है, जो क्षेत्र के शिक्षा ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

इन छात्रावासों के निर्माण से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा जो दूर-दराज के गांवों से शिक्षा प्राप्त करने के लिए शहर आते हैं। अब उन्हें सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज को आगे बढ़ाता है और बच्चों का भविष्य संवारता है।

उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि बुरहानपुर का कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए। इसी सोच के साथ वे लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कार्य कर रही हैं और आगे भी इसी तरह जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती रहेंगी।

उन्होंने कहा कि छात्रावासों के निर्माण के बाद क्षेत्र के बच्चों को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई में सुधार होगा और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक प्रेरित होंगे।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे एक दूरदर्शी कदम बताया है। उनका कहना है कि यह निर्णय आने वाले समय में बुरहानपुर के शिक्षा स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सैकड़ों विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article