रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दमुआ के इंदिरा चौक पर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
धरने के दौरान वक्ताओं ने जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्य रूप से नगर पालिका द्वारा पानी के बिल में की गई दोहरी दर वृद्धि का विरोध किया गया। इसके अलावा हर वार्ड में पेयजल की शुद्ध व्यवस्था, प्याऊ की स्थापना, नालियों और कन्हान नदी के घाटों की सफाई, अधूरे डामर सड़कों को पूर्ण करने तथा घटिया निर्माण कार्यों की जांच की मांग की गई।
वक्ताओं ने महंगाई, गैस की कमी, बिजली बिलों में बढ़ोतरी और अवैध धंधों को पुलिस संरक्षण जैसे मुद्दों को भी गंभीर बताया।
प्रदर्शन के बाद महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों को भी नायब तहसीलदार दमुआ के माध्यम से ज्ञापन दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ और कनिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

