सुल्तानगंज अंचल कार्यालय के जनता दरबार में अव्यवस्था, प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में अव्यवस्था को लेकर अंचल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे फरियादियों ने व्यवस्थाओं की कमी पर नाराजगी जताई।
शनिवार को आयोजित इस जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से दर्जनों लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ तौर पर देखने को मिला। खासकर बुजुर्गों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
कार्यालय में मौजूद प्रभारी अंचल अधिकारी रमन कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं, लेकिन सुनवाई की प्रक्रिया को लेकर कई शिकायतें सामने आईं।

कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार ने व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए कहा कि भूमि विवाद जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई प्रखंड सभागार में होनी चाहिए, जहां दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर विस्तार से बात सुनी जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में अंचल अधिकारी अपने कक्ष में बैठकर फरियादियों को बुला रहे हैं, जिससे बाहर लंबी कतार लग रही है और लोगों को परेशानी हो रही है।
भरत कुमार ने यह भी कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों को घंटों खड़े रहना पड़ रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। वहीं फरियादी जिछो ठाकुर ने बताया कि पहले जब प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार अंचल अधिकारी के प्रभार में थे, तब सभागार में बैठाकर सुनवाई की जाती थी और समस्याओं का त्वरित समाधान होता था।
जनता दरबार में मौजूद अन्य लोगों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं जैसे लोग किसी दवाई के लिए कतार में खड़े हों।
लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि जनता दरबार का उद्देश्य सही मायनों में पूरा हो सके और इसकी गरिमा बनी रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article