संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
अमानगंज नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित राघव मोहल्ला में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पुष्पेंद्र कोरी (पिता बिरजू कोरी, उम्र 58 वर्ष) पेशे से मिस्त्री था और एक मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत हो गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में अमानगंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुष्पेंद्र अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी असामयिक मृत्यु से पिता बिरजू कोरी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद राघव मोहल्ला में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बिजली लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

