देवरी में भीषण जाम, एंबुलेंस फंसी, व्यवस्था पर उठे सवाल | New India Times

राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी नगर के मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। बंधा पुल से लेकर बस स्टैंड और जैन मंदिर तक करीब 20 मिनट तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, नगर के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे लगे हाथ ठेला व फुटपाथ दुकानदारों के कारण जाम की समस्या बनी हुई है। पूर्व में नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से स्थिति जस की तस हो गई।
पिछले एक वर्ष से यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बस स्टैंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन आधा-आधा घंटा जाम लग रहा है, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस जाते हैं। वहीं पैदल राहगीरों को भी निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में शाम 6 से 8 बजे के बीच बाजार में बढ़ती भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।
मंगलवार रात 7:20 से 7:40 बजे के बीच लगे जाम में एक एंबुलेंस करीब 10 से 15 मिनट तक फंसी रही। एंबुलेंस चालक सुरेंद्र दीक्षित ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में जाम लगना अब आम बात हो गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शांति समिति की बैठकों में अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है। नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदारों से प्रतिदिन 10 से 20 रुपये तक बाजार बैठकी वसूली जाती है, बावजूद इसके अतिक्रमण बना रहता है, जिससे जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है।
विशेषज्ञों और नागरिकों का मानना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए बस स्टैंड को नगर से बाहर हाईवे पर शिफ्ट करना आवश्यक है, क्योंकि वर्तमान स्थान पर पर्याप्त जगह का अभाव है और सब्जी विक्रेताओं के लिए भी कोई व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं है।
प्रशासन का पक्ष
नगर पालिका सीएमओ केवीएस बघेल ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम मुनव्वर खान ने कहा कि समस्या उनके संज्ञान में है और जल्द बैठक बुलाकर सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाएगा।
थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में शाम 7 बजे से पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article