अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल में खाद्य विभाग ने घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, उपयोग और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में न्यू मार्केट और जहांगीराबाद क्षेत्र में की गई।
खाद्य विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और अवैध गैस रीफिलिंग पॉइंट्स पर जांच कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए। आर के गैस एजेंसी, भदभदा रोड न्यू मार्केट पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की गई, जहां सिलेंडरों के स्टॉक और कर्मचारियों की जानकारी जुटाई गई।
वहीं, जहांगीराबाद के शब्बन चौराहा स्थित जमील टी स्टॉल पर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर संचालक नवेद अहमद से 1 सिलेंडर जब्त किया गया।
इसके अलावा, मुस्कान इलेक्ट्रिकल की दुकान पर घरेलू सिलेंडर से लोकल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करते हुए पकड़ा गया। मौके से संचालक साकिब उर्फ कासिम के पास से 3 घरेलू, 1 व्यावसायिक और 1 छोटा लोकल गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान शब्बन चौराहा पर खड़े एक डिलीवरी वाहन से 30 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए। वाहन चालक जुबैर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते वाहन सहित सभी सिलेंडर जब्त कर लिए गए।
खाद्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 35 गैस सिलेंडर विभिन्न स्थानों से जब्त किए गए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

