निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा थाना क्षेत्र के पहाड़ापुर गांव निवासी श्रीराम ने कुछ लोगों पर जमीन का बैनामा कराने के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में थाना इटवा में तहरीर देकर पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में श्रीराम ने बताया कि वह नगर पंचायत इटवा के हनुमान नगर वार्ड के निवासी हैं। आरोप है कि उनके बेटे द्वारा खरीदी गई जमीन को लेकर चार लोग उनके घर आए और असलहा सटाकर उन्हें धमकाने लगे। आरोपियों ने कहा कि अपने बेटे से कहो कि वह इटवा स्थित रजिस्ट्री कार्यालय चलकर इस जमीन का बैनामा उनके नाम कर दे।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार के लोग भयभीत हैं।
श्रीराम ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

