गुना में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हाईवे से लेकर होटलों तक छापेमारी, शराब पिलाने वालों पर केस दर्ज | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं उपायुक्त संभाग ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में जिला आबकारी विभाग ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने शहर के आधा दर्जन से अधिक सार्वजनिक स्थानों, होटलों और ढाबों पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर लोग शराब का सेवन करते पाए गए।

वृत्त एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में टीम ने हाईवे स्थित होटल राजपूताना, इंडस्ट्रियल एरिया के होटल शूटर, सरदारजी होटल और बस स्टैंड के पास स्थित होटल अमन पर दबिश दी। इसके अलावा जज्जी बस स्टैंड, पुरानी साइकिल फैक्ट्री और अंडर ब्रिज के पास जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी सघन चेकिंग की गई।

कार्रवाई के दौरान कई नवयुवक और अन्य लोग मदिरापान करते पाए गए, जिन्हें भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान के प्रति समझाइश दी गई।

आबकारी विभाग ने शराब पिलाने वाले संचालकों और शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(अ) और 36(ब) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटलों और ढाबों पर युवा वर्ग नशे की लत का शिकार हो रहा है, इसी को देखते हुए यह त्वरित कार्रवाई की गई।

कलेक्टर के आदेशानुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से शादी समारोह वाले होटलों पर विभाग की पैनी नजर रहेगी, ताकि अवैध मदिरा सेवन पर अंकुश लगाया जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article