“छोटे मन से साधा गया लक्ष्य पूरा नहीं होता”, कैरियर गाइडेंस सेमिनार में आर्यन ने छात्रों को किया प्रेरित | New India Times

शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

“छोटे मन से साधा गया लक्ष्य पूरा नहीं होता”, कैरियर गाइडेंस सेमिनार में आर्यन ने छात्रों को किया प्रेरित | New India Times

स्थानीय विकास खंड के भरकवाह स्थित बाबा बिहारी इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में शुक्रवार को कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिवेताम आयुर्वेद कंपनी की संस्थापक डॉ. प्रियंका ने छात्र-छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी और मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य को पाने के लिए शुरुआत भले ही छोटे स्तर से हो, लेकिन सोच हमेशा बड़ी होनी चाहिए। तभी बड़े लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। छात्र-छात्राओं को बारहवीं में दाखिला लेने के साथ ही अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर लेना चाहिए, क्योंकि मन पर बोझ लेकर या छोटे मन से साधा गया लक्ष्य पूरा नहीं हो पाता।

वाराणसी से आए भारत के प्रसिद्ध कलाकार आर्यन और भारती ने विद्यार्थियों को कला क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, मेहनत और रचनात्मकता के महत्व के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास से दक्षता आती है और कला का क्षेत्र बहुत व्यापक है, जिसमें रोजगार के कई अवसर उपलब्ध हैं। बच्चों को कला के क्षेत्र में आगे आना चाहिए।

तीन सरकारी नौकरियों में सफलता प्राप्त कर चुके विनोद मौर्य ने विद्यार्थियों को सरकारी नौकरी की तैयारी की सही रणनीति, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक बी.एन. यादव ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के महत्व, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रबंध निदेशक अखिलेश यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार ने किया।

इस अवसर पर प्रवेश कुमार यादव, अनुरोध प्रसाद, सुहानी पटेल, बबिता यादव, ज्ञान प्रकाश, प्रेमपाल, मुकेश कुमार, पूनम, किरण पांडेय, अर्पिता और काजल उपस्थित रहे।

By nit