शेरा मिश्रा/अविनाश द्विवेदी, कटनी (मप्र), NIT;

मुख्यमंत्री खेत तीर्थ योजना के तहत बुधवार को जिले से 64 किसान अध्ययन यात्रा पर मुड़वारा स्टेशन से रवाना हुये। जिसमें किसानों के दल के साथ कृषि विभाग के एडीईओ को भी भेजा गया है। मुख्यमंत्री खेत तीर्थ योजना में ये सभी किसान ओड़ीसा राज्य के कटक जिले में स्थित राष्ट्रीय छबल अनुसंधान संस्थान जायेंगे। जहां पर धान की खेती की बेहतर व उन्नत तकनीक से किसानों को अवगत कराया जायेगा। इसके साथ ही इस यात्रा में किसानों को अपने खेतों में फसलों के अच्छे उत्पादन को लेकर भी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। वहीं वे अपनी जिज्ञासाओं का भी निदान इस यात्रा के तहत कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के किसान कल्याण तथा कृषि विभाग द्वारा खेत तीर्थ योजना संचालित है। इस योजना के अन्तर्गत प्रदेश में प्रगतिशील कृषकों के प्रक्षेत्र, शासकीय कृषि प्रक्षेत्र, के.व्ही.के. अनुसंधान केन्द्र एवं कृषि विश्वविद्यालयों को खेत तीर्थ घोषित किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य है कि उन्नत कृषि कार्यों को एवं नवीन कृषि शोध की जानकारी पिछड़े कृषकों तक पहुंचाना।
मुख्यमंत्री खेत तीर्थ योजना के अन्तर्गत कृषकों को उन्नत खेती के लिये प्रेरित कर उन्हें राज्य के अन्दर, राज्य के बाहर एवं जिले के अन्दर भ्रमण द्वारा कृषकों को खेत तीर्थ का अवलोकन करने के दौरान उन्नत खेती करने का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
