बीनागंज में सड़क हादसे के बाद हिंसक झड़प, बुलेरो चालक और परिजनों में जमकर चले लाठी-डंडे | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

बीनागंज में सड़क हादसे के बाद हिंसक झड़प, बुलेरो चालक और परिजनों में जमकर चले लाठी-डंडे | New India Times
प्रतीकात्मक तस्वीर

गुना जिले के चांचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज स्थित अंबेडकर चौक क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क हादसे के बाद मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया। बुलेरो वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग के घायल होने के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस मामला दर्ज किया है।

पहले पक्ष के फरियादी हंसराज झावा ने बताया कि रविवार रात करीब 11:45 बजे उनके घर पर महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उनके पिता रमेशचंद्र झावा सड़क पार कर रहे थे, तभी अंबेडकर चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बुलेरो वाहन क्रमांक एमपी-13-सीसी-2583 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रमेशचंद्र के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गुना रेफर किया गया।

टक्कर के बाद लाठी-डंडों से हमला और तोड़फोड़

दूसरे पक्ष के अनुसार, बुलेरो चालक नारायण शाक्यवार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद रमेशचंद्र के परिजन यश, अन्ना, बंकू एवं संजू झावा ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने नारायण तथा उसके मित्र भूपेंद्र और अभिषेक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ितों का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने बुलेरो वाहन में जमकर तोड़फोड़ की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

By nit