फ़र्ज़ी आपत्तियां तत्काल निरस्त हों, नहीं तो दर्ज होंगे आपराधिक प्रकरण: अजय सिंह रघुवंशी | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ज़िले में व्यापक स्तर पर फ़र्ज़ी लोगों द्वारा एसआईआर के अंतर्गत मतदाताओं के नाम कटवाने हेतु आपत्तियां लगाए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इन आपत्तियों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव श्री अजय सिंह रघुवंशी ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इन फ़र्ज़ी आपत्तियों को तुरंत निरस्त कर संबंधित आपत्तिकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो बुरहानपुर के कांग्रेस पार्षद दल एवं अन्य कांग्रेसी साथियों के साथ वे स्वयं थानों में जाकर सभी फ़र्ज़ी आपत्तिकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराएंगे।

इस संबंध में श्री रघुवंशी ने कहा कि हमारे नेता माननीय राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया है कि वर्तमान सरकार वोट चोरी की सरकार है और बिना चोरी के इनका कोई अस्तित्व नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी भाजपाई वोट चोरी में लगे हुए हैं और खुलकर ऐसा न कर पाने के कारण फ़र्ज़ी लोगों के माध्यम से आपत्तियां लगाकर मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं।

श्री अजय सिंह रघुवंशी ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे सभी फ़र्ज़ी लोगों की आपत्तियां तत्काल निरस्त कर उनकी सूची सार्वजनिक की जाए तथा उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो कल बुरहानपुर कांग्रेस दल एवं कांग्रेसी साथियों के साथ वे थानों में जाकर स्वयं एफआईआर दर्ज कराएंगे।

साथ ही श्री रघुवंशी ने फ़र्ज़ी आपत्तियां लगाने वालों को आगाह करते हुए कहा कि वे स्वयं अपनी आपत्तियां वापस लें, अन्यथा कानूनी सज़ा भुगतने के लिए तैयार रहें।

By nit