बिहार के 5 जिलों के कोर्ट को उड़ाने की धमकी, प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT


बिहार के पांच ज़िले पटना, भागलपुर, बेगूसराय, सिवान एवं मुजफ्फरपुर के न्यायालयों को उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विशेष रूप से भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सख्त कर दिया गया। कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
एहतियातन कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं व्यवहार न्यायालय परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है और तकनीकी स्तर पर जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल सभी कोर्ट परिसर सुरक्षित हैं, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.