‘बड़े लाट साहब’जुलूस का आयोजन सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है:पुलिस अधीक्षक | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी  द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत एवं पर्याप्त पुलिस बल के साथ आगामी ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस के दृष्टिगत थाना कोतवाली एवं थाना सदर बाजार क्षेत्रान्तर्गत निर्धारित मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, बैरियर प्वाइंट, पिकेटिंग व्यवस्था, संवेदनशील एवं हाई-रिस्क बिंदुओं की पहचान, पैदल गश्त मार्ग, पुलिस बल की संभावित तैनाती, एम्बुलेंस व फायर यूनिट की उपलब्धता तथा अन्य सभी आवश्यक तैयारियों का गहन अवलोकन किया गया ।

पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जुलूस के संपूर्ण मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत सुदृढ़ रखी जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से जुलूस मार्ग की सतत निगरानी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर नागरिकों को पूर्व सूचना देने तथा किसी भी प्रकार के जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए।


भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को सशक्त बनाते हुए यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि जुलूस के दौरान अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए।

विशेषकर अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी,कर्मचारी की तैनाती रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक  ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों एवं आयोजनकर्ताओं से संवाद कर अब तक की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा शांति, सामंजस्य एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए  आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही यह भी कहा गया कि जुलूस के दौरान किसी भी आकस्मिक अथवा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए और पूरा पुलिस बल पूर्ण तत्परता के साथ अपनी ड्यूटी में मुस्तैद रहे।
अंत में  पुलिस अधीक्षक ने यह स्पष्ट किया कि आगामी ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस का आयोजन सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।