झकनावदा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 200 मरीजों ने लिया लाभ, चिकित्सकों का हुआ सम्मान | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झकनावदा नगर में शनिवार को आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर्स को-ऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) के तत्वावधान में एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।

आयोजन का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेन्द्र सिंह सेमलिया, जनपद उपाध्यक्ष देवकुंवर पड़ियार, परीक्षित सिंह राठौर, हेमेन्द्र जोशी, हरिराम पड़ियार, डॉ. प्रणिता जायसवाल, डॉ. निसर्ग निर्भय एवं डॉ. आयुष बाठिया द्वारा महाकाल राजा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

शिविर में धार जिले के राजगढ़ स्थित कंचन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एम. एल. जैन (एमडी) के मार्गदर्शन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रणिता जायसवाल, एमबीबीएस डॉ. आयुष बाठिया एवं एमबीबीएस डॉ. निसर्ग निर्भय द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान सामान्य रोग, बुखार, सर्दी-खांसी, ब्लड प्रेशर, शुगर, जोड़ों का दर्द सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

करीब 200 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

आयोजित शिविर में झकनावदा, धतुरिया, बखतपुरा, बोरिया, बोलासा, खिंदाखों, भेरुपाड़ा, सेमलिया, कुम्भाखेड़ी, केशरपुरा, झोसरपाड़ा एवं धौलीखाली सहित आसपास के गांवों से लगभग 200 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ लिया। शिविर में प्रथम मरीज के रूप में देवकुंवर पड़ियार एवं ठाकुर भूपेन्द्र सिंह सेमलिया ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

चिकित्सकों का किया गया सम्मान

शिविर के समापन अवसर पर आयोजक समिति द्वारा डॉ. एम. एल. जैन का साफा बांधकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनके निःस्वार्थ सेवा भाव के लिए सम्मान किया गया। साथ ही डॉ. प्रणिता जायसवाल, डॉ. निसर्ग निर्भय, डॉ. आयुष बाठिया एवं सहयोगी स्टाफ निलेश, लखन, शिवम एवं रूपाली का भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. जैन ने कहा कि झकनावदा उन्हें अपने परिवार जैसा लगता है और जब भी गांव को उनकी या उनके स्टाफ की आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की सलाह दी। आयोजक समिति की ओर से सभी चिकित्सकों को स्मृति-उपहार भी भेंट किए गए।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में इफको क्षेत्र प्रतिनिधि संदीप राजपूत, सहायक प्रतिनिधि विजय प्रजापति, राहुल यादव, पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा, चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिसोदिया, बबलू कुमावत (भानगढ़), रितेश अग्रवाल, प्रकाश मांडोत, देवेंद्र बैरागी, हरीश राठौड़, संजय व्यास, अरविंद राठौर, राजेंद्र मिस्त्री, धर्मेंद्र मिस्त्री, रमेश कुमार चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र राठौड़ एवं हेमेन्द्र कुमार जोशी ने किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article