मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में खराब गुणवत्ता एवं ऊंचे-नीचे लगाए गए चेकरस को लेकर वार्डवासियों ने कड़ा विरोध जताया है। वार्डवासियों का आरोप है कि घटिया निर्माण के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं, जिससे आमजन में भारी नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सरदार उदय सिंह के घर से शेख जबर के घर तक तथा शेख आलम के घर से स्टेशन रोड तक ठेकेदार द्वारा बेहद खराब गुणवत्ता के चेकरस लगाए गए हैं। निर्माण के दौरान वाटर लेवल का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण चेकरस ऊंचे-नीचे हो गए हैं। इससे बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग गिरकर हादसे का शिकार हो रहे हैं।
वार्डवासियों ने इस समस्या के तत्काल निराकरण की मांग करते हुए मामले से मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
मामले को लेकर जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेहा धुर्वे से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को चेकरस के सुधार एवं आवश्यक निराकरण के निर्देश दे दिए गए हैं।

