सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा माह के तहत छात्रों ने निकाली यातायात जागरूकता रैली, स्काउट–गाइड बैंड रहा आकर्षण का केंद्र | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा माह–2026 के अंतर्गत आज जैन चौरासी इंटर कॉलेज, मथुरा के छात्र-छात्राओं द्वारा आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली का शुभारंभ एआरटीओ (प्रवर्तन) मथुरा सतेंद्र कुमार सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली डेविल नगर, हरी नगर, कृष्णा नगर एवं कृष्णा नगर मार्केट से होते हुए पुनः जैन चौरासी इंटर कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।

रैली में स्काउट–गाइड के बच्चों द्वारा बैंड के साथ गगनभेदी नारों, बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। स्काउट–गाइड बैंड रैली का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर एआरटीओ सतेंद्र कुमार सिंह (प्रवर्तन) ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में हर वर्ष यातायात नियमों का पालन न करने के कारण लाखों लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जान चली जाती है।

ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सभी को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान लगातार चलते रहने चाहिए, जिससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

जैन चौरासी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि सड़क पर चलते समय न केवल स्वयं सुरक्षित रहें, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

रैली के आयोजक बृज यातायात एवं पर्यावरण समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने कहा कि बच्चों द्वारा निकाली गई इस रैली के माध्यम से आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

रैली में बृजेश शर्मा, गुंजन चौबे, अर्जुन कुमार सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article