पुराने भोपाल में वर्षों पुराना अतिक्रमण हटेगा, लापरवाह अफसरों पर होगी सख्त कार्रवाई : सांसद आलोक शर्मा | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

पुराने भोपाल के चौक बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की गंभीर समस्या को लेकर सांसद आलोक शर्मा ने कलेक्ट्रेट में नगर निगम, जिला प्रशासन एवं ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में नगर निगम आयुक्त, एडीएम, एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद आलोक शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो अधिकारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही करेंगे, उन्हें जवाबदेही का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “तारीफ तुम लूटो, बुराई मैं लूंगा।”

व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि चौक बाजार, सराफा बाजार सहित पुराने शहर के कई बाजारों में अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं। दुकानों के सामने शटर तक और नालियों के ऊपर तक जगह किराये पर दे दी गई है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त स्थान नहीं बचा है।

इसके अलावा मस्जिद के सामने वाली सड़क पर अवैध चौथ वसूली की शिकायत भी सामने आई, जिसकी पुष्टि क्षेत्रीय पार्षदों ने की। सांसद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोमवार से लगातार दो-तीन दिनों तक अनाउंसमेंट कराकर चौक बाजार, सराफा बाजार, लखेरापुरा, इब्राहिमपुरा, आजाद मार्केट, लोहा बाजार और हनुमानगंज क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

नगर निगम आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक डेडिकेटेड कमेटी गठित कर नियमित अभियान चलाने की सहमति दी। सांसद ने मोबाइल कोर्ट को भी अभियान के साथ चलाने के निर्देश दिए, ताकि मौके पर ही कार्रवाई की जा सके।

बैठक में व्यापारिक संगठनों ने क्षेत्र की वीडियोग्राफी कराने और शीशमहल क्षेत्र में पार्किंग विकसित करने का सुझाव भी दिया। पार्किंग के विषय पर कलेक्टर के साथ अलग बैठक करने पर सहमति बनी।

इसी दिन सांसद आलोक शर्मा ने शुक्रवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 स्थित संत कंवर राम कॉलोनी में 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित सत्संग भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article