मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हिया के ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), जिसे हाल ही में स्थानीय स्तर पर “जी-राम-जी योजना” के नाम से भी जाना जा रहा है, के अंतर्गत वे मजदूरी कार्य कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में गांव में तीन अलग-अलग कार्य स्थलों पर डैम निर्माण का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक साइट पर लगभग 35 से 40 मजदूर कार्यरत हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछले लगभग 10 हफ्तों से मजदूरी की राशि उनके बैंक खातों में जमा नहीं हुई है।
मजदूरी का भुगतान समय पर न होने के कारण ग्रामीण मजदूरों को गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों का कहना है कि दैनिक जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
जी-राम-जी (मनरेगा) योजना के अंतर्गत कार्यरत ग्रामीण मजदूरों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की है।
इस संबंध में मजदूरों राजू वर्मा, नंदू मधुकर निरापूरे, संजय बावरिया, जीवन साहू, सागर केथवास, नरेंद्र, आकाश, दीमान, मंगलवाती, रुक्मणी, सर कालीबाई, सोनिका, सीमा सहित अन्य ग्रामीण मजदूरों ने अपनी पीड़ा जाहिर की है।

