मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव एसडीएम एवं जनपद सीईओ की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, उपखंड जमई द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एसडीओ सोनल पारधी, उपयंत्री नीतू नागेश्वर, केमिस्ट एवं ट्रेनर द्वारा समस्त पंचायतों की आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को फील्ड टेस्ट किट (FTK) तथा जल दर्पण पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान शुद्ध पेयजल की महत्ता को विस्तार से समझाया गया तथा ग्राम स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता जांच किए जाने की प्रक्रिया बताई गई। इस कार्य हेतु आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।
इसके साथ ही समस्त पंचायतों को एक-एक फील्ड टेस्ट किट (FTK) प्रदान की गई, ताकि ग्राम स्तर पर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की जांच की जा सके।
अधिकारियों द्वारा निर्देश दिए गए कि यदि कहीं से भी दूषित पेयजल की सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल पानी का सैंपल उपखंड प्रयोगशाला, जमई में जांच हेतु लाया जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर निरंतर पेयजल परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

