मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना दमुआ क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान नायब तहसीलदार से धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम ने बताया कि झिरी घाट के पास नायब तहसीलदार मोहित बोरकर ने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस थाना लाया जा रहा था। इसी बीच रास्ते में घाट के पास ट्रैक्टर मालिक राहुल एवं नर्मदा मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए नायब तहसीलदार से धक्का-मुक्की की तथा शासकीय कार्य में बाधा डाली।
आरोप है कि दोनों आरोपी लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली जबरन लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 05/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

