अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल के कबाड़ खाना क्षेत्र स्थित सुंदर नगर चौराहे पर दानिश टी स्टॉल के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे पूरे इलाके का माहौल बिगड़ता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि देर रात तक युवक बैठे रहते हैं और यहां खुलेआम गाली-गलौज, शोर-शराबा एवं लड़ाई झगड़ा करना आम बात हो गई है।
रहवासियों के अनुसार कई बार मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ जाता है कि मारपीट की नौबत आ जाती है। इससे आसपास रहने वाले परिवारों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है। बच्चों की पढ़ाई और लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल एवं आसपास की गुमटियों के देर रात तक खुले रहने से असामाजिक तत्वों को जमावड़ा लगाने का मौका मिल जाता है।
नागरिकों की मांग है कि देर रात तक चल रहे इन अवैध जमावड़ों पर रोक लगाई जाए, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।
थाना हनुमान गंज की पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके।
