गुना मंडी में नई धनिया की मीठी दस्तक, पहले ही दिन 10,011 का रिकॉर्ड भाव, किसानों के खिले चेहरे | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

गुना मंडी में नई धनिया की मीठी दस्तक, पहले ही दिन 10,011 का रिकॉर्ड भाव, किसानों के खिले चेहरे | New India Times


गुना अपनी खास खुशबू और गुणवत्ता के लिए देशभर में मशहूर है।गुना के धनिया ने सोमवार को कृषि उपज मंडी नानाखेड़ी में धमाकेदार श्रीगणेश किया। सीजन की नई आवक के पहले ही दिन धनिया की बोली ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 10,011 रुपये प्रति क्विंटल का आंकड़ा छुआ। इस शानदार शुरुआत से मंडी व्यापारियों और किसानों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सीजन की पहली फसल लेकर बावड़ीखेड़ा निवासी किसान गुमान सिंह लोधा मंडी पहुंचे थे। इस शुभ अवसर पर मंडी के वातावरण में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। श्री हरि ट्रेडर्स द्वारा सर्वाधिक बोली लगाकर इस उपज की खरीदी की गई। परंपरा के अनुसार, किसान गुमान सिंह का मिठाई खिलाकर और उनकी उपज पर अगरबत्ती लगाकर भावभीना स्वागत किया गया। मंडी में अपनी फसल के इतने ऊंचे दाम देखकर किसान के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
गौरतलब है कि गुना जिले का धनिया अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जिले की कुंभराज और गुना मंडियां पूरे भारत में स्पेशल धनिया के लिए प्रसिद्ध हैं। वर्तमान में जहां पुराने धनिया के भाव सामान्य चल रहे हैं, वहीं नई फसल की इस रिकॉर्ड बोली ने भविष्य के अच्छे संकेतों की ओर इशारा किया है। हालांकि, मंडी में धनिया की बंपर आवक अमूमन होली के त्यौहार के आसपास शुरू होती है, लेकिन पहली आवक ने व्यापारियों और निर्यातकों की उम्मीदें जगा दी हैं। इस वर्ष धनिया की अच्छी गुणवत्ता और बेहतर भावों की संभावना से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है।