हाईवे पर रफ्तार बनी काल: म्याना के पास खड़े ट्रक से भिड़ा तेज़ रफ्तार वाहन, पिता-पुत्र गंभीर घायल | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

नेशनल हाईवे-46 पर म्याना थाना क्षेत्र के डुंगासरा गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चला रहे पिता और क्लीनर के रूप में काम कर रहे उनके बेटे के पैर बुरी तरह कुचल गए।

महाराष्ट्र से ग्वालियर जा रहे थे पिता-पुत्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के निवासी 47 वर्षीय कुद्दूस खान अपने बेटे अरमान खान के साथ ट्रक लेकर महाराष्ट्र से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। कुद्दूस खान ट्रक चला रहे थे, जबकि उनका बेटा अरमान क्लीनर की जिम्मेदारी निभा रहा था।

रविवार रात करीब 9 बजे जब उनका ट्रक डुंगासरा गांव के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में उनका वाहन पीछे से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया और दोनों पिता-पुत्र उसमें फंस गए।

डायल 112 ने किया रेस्क्यू

राहगीरों की सूचना पर म्याना पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोहे को काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया।

पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर, हालत गंभीर

चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में क्लीनर अरमान खान के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, जबकि पिता कुद्दूस खान का एक पैर टूट गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.