डुंगरिया में सरकारी पाइपलाइन में तोड़फोड़, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:


जुन्नारदेव के डुंगरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत वार्ड क्रमांक 3 में शिव मंदिर के पास  बिछाई गई पानी की पाइपलाइन को अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। पंचायत एवं ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 10 से 15 दिन पहले डाली गई इस पाइपलाइन को दो स्थानों पर जानबूझकर तोड़ा गया है। यह तोड़फोड़ बलदेव राजपूत की बड़ी के पास तथा कमला भांजी के घर के नजदीक की गई, जहां पाइप में कई जगह छेद कर दिए गए, जिससे पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है।
घटना के बाद वार्ड नंबर 3 में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत ने मामले को गंभीर मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी डुंगरिया में एफआईआर दर्ज कराई है।
पनारा पंचायत के सरपंच, सचिव एवं स्थानीय ग्रामीण बलदेव राजपूत ने चौकी प्रभारी से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक पंचायत एवं ग्रामीण मिलकर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की तोड़फोड़ दोबारा न हो।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर वार्ड में पानी की आपूर्ति बहाल कराने की अपील की है, ताकि लोगों को इस संकट से राहत मिल सके।