मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा अंतर्गत नवेगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य और शिक्षकों के साथ हुई गाली-गलौज की घटना को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आज एसडीओपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी को विक्रम सातवंशी नामक व्यक्ति ने विद्यालय परिसर में प्रवेश कर प्राचार्य एवं शिक्षकों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि शिक्षकों के सम्मान तथा शिक्षा के मंदिर की पवित्रता की रक्षा के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रकाश कुमरे, सावन धुर्वे सहित बड़ी संख्या में गोंडवाना कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
