इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को साकार करते हुए मध्यप्रदेश शासन, माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी क्लब गुना एवं रोटरी क्लब गुना रॉयल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी हाट में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का विधिवत शुभारंभ रोटरी अध्यक्ष सीए ब्रजेश अग्रवाल, सचिव राजकुमार मंगल, शिविर संयोजक विकास जैन नखराली एवं संजय मंगल सहित उपस्थित डॉक्टरों की टीम द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
जिला चिकित्सालय गुना के डॉक्टर — डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. वीरेंद्र धाकड़, डॉ. पूजा धाकड़, डॉ. आर.एस. राजपूत, डॉ. आदित्य और डॉ. नितिन धाकड़ — ने 100 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, उचित परामर्श दिया और गंभीर मरीजों को ऑपरेशन चयन हेतु जिला अस्पताल गुना रेफर किया।
रोटरी अध्यक्ष सीए ब्रजेश अग्रवाल ने बताया कि अगला कैंप 6 जनवरी 2026 को चाचौड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित किया जाएगा।

