राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

नगर पालिका अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए “भरी कुर्सी बनाम खाली कुर्सी” के चुनाव प्रचार की शुरुआत हो गई है। रविवार को खाली कुर्सी के समर्थन में नगर पालिका के 13 पार्षद घर-घर जाकर जनसंपर्क करते दिखाई दिए।
सुखचैन वार्ड और गांधी वार्ड में पार्षदों की टीमें लोगों से आग्रह करती नजर आईं कि नगर के हित में खाली कुर्सी के पक्ष में मतदान करें।
इस दौरान गांधी वार्ड से पार्षद सरिता/संदीप (बबलू) जैन, संजय चौरसिया, शशि/उमेश पलिया, माया/सुनील प्रजापति, भारतेंदु सिंह राजपूत (मोंटू), अभिलाषा/राकेश चौरसिया, काशीराम पटेल, सुनीता/दामोदर लोधी, नईमउद्दीन खान, गोमती वाल्मीकि, नीलम/परशुराम साहू, दिलीप कोष्टी और वंदना/सुनील रिछारिया सहित अन्य पार्षद शामिल रहे।
सुभाष वार्ड के पार्षद संजय चौरसिया ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में मनमाने तरीके से काम हुए और भ्रष्टाचार बढ़ा। पार्षदों के अनुरोध के बावजूद कई कार्य नहीं कराए गए और नगर का सुव्यवस्थित विकास नहीं हो पाया। इसलिए अब जनता को भाजपा पार्षदों को मौका देना चाहिए।
पार्षद भारतेंदु सिंह राजपूत (मोंटू) ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है। इन्हीं मुद्दों को लेकर वे जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ वर्ष का समय शेष है, इसलिए जनता नगर हित में सोच-समझकर फैसला करे।

