इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

विधानसभा क्षेत्र चाचौड़ा अंतर्गत कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री रोडमल नागर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चाचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची और जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिकरवार उपस्थित रहे।

इन विकास कार्यों में विधायक निधि के तहत शिव मंदिर टेकरी पर सामुदायिक भवन निर्माण (लागत 12 लाख), एसडीआरएफ योजना अंतर्गत भमावद चौराहे से फिल्टर प्लांट तक नाला निर्माण (लागत 56 लाख), अमृत 2.0 योजना के तहत नई पानी की टंकी एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य (लागत 302.58 लाख), एसबीएम 2.0 योजना के तहत एमआरएफ/कम्पोस्टिंग प्लांट निर्माण (लागत 36.52 लाख), ग्राम मृगवास में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से स्वीकृत सीसी सड़क कार्य (लागत 44 लाख) तथा ग्राम पंचायत महेशपुरा में सीसी सड़क कार्य (लागत 30 लाख) शामिल हैं।
अपने संबोधन में विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक नगर और गांव को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शिव टेकरी पर बनने वाला सामुदायिक भवन कुंभराज सहित आसपास के गांवों के लिए उपयोगी साबित होगा। भमावद चौराहे से फिल्टर प्लांट तक बनने वाला नाला नगर में स्वच्छता बढ़ाएगा, जबकि नई पानी की टंकी और पाइपलाइन विस्तार से प्रत्येक घर तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। कम्पोस्टिंग प्लांट से नगर में स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान विधायक श्रीमती पैंची ने नगरवासियों और ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के अनुरूप सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा में पूरे किए जा रहे हैं। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

