झुंझुनूं में एटीएम लूट करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश, तीन इनामी शातिर अपराधी गिरफ़्तार | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

झुंझुनूं में एटीएम लूट करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश, तीन इनामी शातिर अपराधी गिरफ़्तार | New India Times

झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ पुलिस ने एटीएम लूट की एक बड़ी अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए 10-10 हजार रुपये के इनामी तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाकिर, तसलीम और रोबिन के रूप में हुई है, जो हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। यह गैंग गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन काटकर लूट की वारदातों को अंजाम देती थी।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों ने नवलगढ़ में पोदार कॉलेज के सामने तथा बस स्टैंड के पास स्थित एसबीआई एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर ले जाने का प्रयास किया था। पुलिस की सतर्कता से दोनों एटीएम में मौजूद करीब 54 लाख रुपये की नकदी लूटे जाने से बचा ली गई।

मामले के खुलासे के लिए झुंझुनूं पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के करीब 10 जिलों में प्रमुख मार्गों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। लगभग 500 किलोमीटर के दायरे में 700 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तकनीकी व मानवीय आसूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस जांच में एटीएम लूट की विभिन्न वारदातों में शामिल करीब 50 संदिग्ध अपराधियों के हुलिये सामने आए, जिसके आधार पर एक माह तक लगातार प्रयास किए गए। अंततः अंतरराज्यीय गैंग को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।

पूछताछ में आरोपियों ने आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा तथा राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं जिलों में आधा दर्जन से अधिक एटीएम लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। उन्होंने एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट करना भी कबूल किया है।

इस कार्रवाई में झुंझुनूं पुलिस ने भिवाड़ी पुलिस के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी रोबिन के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में गोवंश तस्करी, राजकार्य में बाधा, हत्या का प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज होना बताया गया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article