फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाए जाने की खबरों के बीच भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर ने तीखा और सनसनीखेज बयान दिया है। तंवर ने लॉरेंस और अनमोल दोनों को “छपरी” और “भिखारी” कहकर संबोधित किया। उन्होंने अनमोल पर तंज कसते हुए उसे “अमेरिका में बैठा चूहा” बताया और कहा कि उसे अब पूंछ पकड़कर घसीटते हुए भारत लाया गया है।

तंवर ने कहा, “हमें भारत सरकार पर गर्व है। हमें एनआईए (NIA), मुंबई पुलिस और गुरुग्राम पुलिस पर भी गर्व है। एक चूहा, जो अमेरिका में बैठकर व्यापारियों को गीदड़ भभकियां देता था, आज उसकी पूंछ पकड़कर उसे घसीटकर भारत लाया गया है। लॉरेंस और अनमोल दोनों छपरी और भिखारी हैं। ये लोग न केवल बाबा सिद्दीकी और सलमान खान मामले में आरोपी हैं, बल्कि गुरुग्राम में नवाब सतपाल तंवर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भी नामजद हैं।”

गौरतलब है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी अनमोल पर आरोप हैं। इस घटना के बाद अनमोल नेपाल और कीनिया के रास्ते अमेरिका भाग गया था। नवाब सतपाल तंवर को फोन पर धमकी देने के बाद अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में हिरासत में लिया गया था। एनआईए ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।

अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी और भारत लाए जाने की खबरों से भीम सेना के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। संगठन ने मांग की है कि अनमोल बिश्नोई को रिमांड पर गुरुग्राम लाया जाए, ताकि उसके खिलाफ दर्ज मामलों में सख्त कार्रवाई हो सके। बता दें कि गुरुग्राम के सेक्टर-37 पुलिस थाने में अनमोल बिश्नोई के खिलाफ नवाब सतपाल तंवर को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज है। इसके अलावा, मुंबई पुलिस भी लंबे समय से अनमोल की तलाश कर रही थी।

सतपाल तंवर का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे एक बार फिर बिश्नोई गैंग और भीम सेना के बीच की पुरानी रंजिश सामने आ गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद, गुरुग्राम पुलिस भी अनमोल बिश्नोई को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। भीम सेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने भी बयान जारी कर गुरुग्राम पुलिस से अनमोल बिश्नोई को जल्द रिमांड पर लेने की मांग दोहराई है।

