फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर को बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को अनमोल बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 5 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। इस संबंध में तंवर ने अपनी निजी सचिव नेहा शर्मा के माध्यम से सेक्टर-37 थाना गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर 2025 को सुबह 5:29 बजे तंवर के आधिकारिक मोबाइल नंबर 9911189986 पर +91 75249 89974 से व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश आए। ये संदेश सुबह 11:25 बजे पढ़े गए। जब तंवर की ओर से पूछा गया कि धमकी क्यों दी जा रही है, तो दोपहर 2:38 बजे से शाम 4:53 बजे तक कई और संदेश भेजे गए, जिनमें साफ तौर पर रंगदारी मांगी गई थी।
व्हाट्सएप संदेशों में लिखा गया —
“5 लाख दे देना वरना मरवा दूंगा, बिश्नोई गैंग।”
“5 लाख करोड़पति मांग रहा हूं, बचना चाहता है तो दे दे।”
“कल शाम तक टाइम है तुम्हारा, जाएगा।”
“जो मेरा उखाड़ना है उखाड़ लेना, जय श्री राम।”
“शूटर लगे हैं बेटा तुम्हारे साथ।”
इसके बाद धमकी देने वाले ने शाम 4:49 बजे व्हाट्सएप कॉल भी की, जिसे डर के कारण रिसीव नहीं किया गया। आरोपी ने इस दौरान अपनी व्हाट्सएप प्रोफाइल फोटो तीन बार बदली। तंवर ने सभी संदेशों के स्क्रीनशॉट, प्रोफाइल फोटो और चैट एक्सपोर्ट फाइल पुलिस को सौंपी है। घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा सरकार हरकत में आ गई हैं। भीम सेना ने अपने मुखिया की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। तंवर की सुरक्षा में फिलहाल हरियाणा पुलिस के दो जवान 24 घंटे तैनात हैं, लेकिन संगठन ने केंद्रीय सुरक्षा देने की अपील की है।
नेहा शर्मा, निजी सचिव ने बताया —
“लगातार मिल रही धमकियों से हम भयभीत हैं। सतपाल तंवर की सुरक्षा पर्याप्त नहीं है। गृह मंत्रालय को इस मामले पर संज्ञान लेते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ानी चाहिए।” सतपाल तंवर दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए काम करते हैं। पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे वे और उनका परिवार खतरा महसूस कर रहे हैं।
पुलिस से मांग की गई है कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जाए तथा मोबाइल नंबर की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

