कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 24 घंटे में स्मार्ट सिटी में हुई चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार | New India Times

ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती-उर-रहमान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी श्री सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 11.11.2025 को सूचना प्राप्त हुई कि अनूपपुर नगर स्थित स्वामी विवेकानंद स्मार्ट सिटी में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं सचिव, म.प्र. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विनोद वर्मा के किराए के मकान (नंबर 138) का ताला टूटा हुआ है।

सूचना पर टीआई कोतवाली अरविंद जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। चूंकि मजिस्ट्रेट महोदय उस समय दिल्ली में थे, इसलिए घर पर कोई मौजूद नहीं था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल को सुरक्षित किया गया। शिकायतकर्ता अमर महरा की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 529/2025 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। इसी प्रकार, प्रशांत रात्रे निवासी स्मार्ट सिटी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 530/2025 पंजीबद्ध हुआ।

घटना स्थल जांच:

एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रदीप अहिरवार, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ उपनिरीक्षक गिरिजा शंकर गौतम और पुलिस डॉग वीरा की मदद से स्थल की जांच की गई। फिंगरप्रिंट लिए गए और पुलिस डॉग के माध्यम से आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया गया। जांच में यह पाया गया कि घर से लगभग ₹20,000 नकद, एक घड़ी और बच्चों की गुल्लक चोरी हुई थी। सर्चिंग के दौरान पुलिस को मकान नंबर 138 के पीछे की बाउंड्रीवाल के पास ₹4,500 नगद और एक ऊनी टोपी मिली। सीसीटीवी फुटेज में टोपी पहने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने चार आरोपियों —

1- सोनू सिंह वादी पिता गुनी परस्ते (उम्र 22 वर्ष, निवासी लखनपुर),

2- विमलेश नायक पिता महिपाल नायक (उम्र 20 वर्ष, निवासी लखनपुर),

3- मदन नायक पिता अमर सिंह नायक (उम्र 40 वर्ष, निवासी लखनपुर),

4- गुलाब नायक पिता जीता नायक (उम्र 35 वर्ष, निवासी जमुड़ी) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी का माल, नकदी, लोहे की रॉड, कटर और मोटरसाइकिल जप्त की गई।

पुलिस द्वारा आरोपियों का रिमांड लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मान की घोषणा:
पुलिस अधीक्षक श्री मोती-उर-रहमान ने टीआई अरविंद जैन एवं उनकी टीम — उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ गिरिजा शंकर गौतम, सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, आरक्षक प्रकाश तिवारी, अब्दुल कलीम, राजेंद्र अहिरवार (सायबर सेल प्रभारी), पंकज मिश्रा तथा पुलिस डॉग हैंडलर विकास अहिरवार को उत्कृष्ट कार्य हेतु पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

By nit