मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
लखनऊ से चलकर सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शनिवार को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पहला ठहराव हुआ, जिसके लिए स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वंदे भारत ट्रेन के स्वागत के लिए प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर टेंट लगाकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। वंदे भारत ट्रेन को देखने की उत्सुकता सभी के मन में थी। लगभग 11 बजे वंदे भारत ट्रेन शाहजहांपुर पहुंची। बड़ी संख्या में लोग ट्रेन में सवार हुए।
एमएलसी सुधीर गुप्ता, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.सी. राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, पूर्व विधायक शकुंतला देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
कार्यक्रम में डीडीएफ कान्वेंट स्कूल के बच्चों समेत गणमान्य नागरिक, डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) मुरादाबाद/अधिकारी, सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता, शाहजहांपुर व रेलवे के मंडलीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।

