मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले माहुलझिर रोड पर अनहोनी के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो सगे भाई बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों भाई सड़क से नीचे खेत की झाड़ियों में जा गिरे। इस हादसे में विनोद उईके (आयु 27 वर्ष, निवासी चेतूढ़ाना) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई रमाशंकर उईके गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना प्रभारी रविंद्र पवार ने बताया कि घटना आज दिनांक 6 नवंबर (गुरुवार) सुबह लगभग 5 बजे की है। हादसे की सूचना पुलिस को सुबह 8 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा तथा बाद में परिजनों को सौंप दिया। घायल रमाशंकर का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल चारपहिया वाहन की पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच प्रचलन में है।
