रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

संत अर्नाल्ड चर्च, मेघनगर में लघु चर्च समुदाय द्वारा कैथोलिक चर्च की 2025 जुबिली और दिव्य शब्द संघ (SVD) की 150वीं वर्षगांठ भक्ति एवं गरिमा के साथ मनाई गई। पूजन विधि के मुख्य याजक, SVD संस्था के प्रोविंशियल सुपीरियर फादर मारिया पॉल थे, जिन्होंने समाज में एकता, भाईचारा, शांति और पारिवारिक संबंध सुदृढ़ करने हेतु ईश्वर को धन्यवाद देते हुए पूजा अर्पित की।

कार्यक्रम में लघु चर्च समुदाय के सभी समाजजन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत ख्रीस्त मूल्यों और बाइबल पर आधारित नाटिकाएं, नृत्य और समूह गान प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि, कैथोलिक डायोसिस के बिशप पीटर खराड़ी ने अपने संबोधन में परिवार को सुदृढ़ बनाने में लघु ख्रीस्तीय समूह की भूमिका पर प्रकाश डाला और अच्छा परिवार एवं सामंजस्यपूर्ण समाज निर्माण हेतु प्रेरित किया।
फादर मारिया पॉल, सेक्रेटरी फादर सिल्वेस्टर मेडा, फादर पीटर कटारा और फादर कज़ेतन डिमेलो ने अंचल में SVD संस्था के 92 वर्षों के कार्यकाल में किए गए शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के समस्त कार्यों की सराहना की। पूजन विधि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिस्टर्स, सभी संघों के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के लोग बड़े ही भक्ति भाव से शामिल हुए। सभी का स्वागत पल्ली पुरोहित फादर जोमोन जेम्स ने किया, आभार फादर एंड्रयूज लोबू ने माना और कार्यक्रम का सफल संचालन मेघनगर चर्च के युवाओं द्वारा किया गया।

