अशफ़ाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

सीकर पुलिस के 2 कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही एसपी के 2 गनमैन और ड्राइवर को भी लाइन हाजिर किया गया है। दरअसल, बीते दिनों सीकर के दादिया थाना इलाके के रहने वाले युवक मनीष भामू (35) की जयपुर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने 5600 ग्रुप और 0056 ग्रुप से जुड़े लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए एसके अस्पताल सीकर में धरना दिया था।
उद्योग नगर थाने में दर्ज मुकदमे में मृतक के भाई प्यारेलाल ने आरोप लगाया कि 9 सितंबर की दोपहर महिपाल सिंह, मनीष को नवलगढ़ रोड स्थित बगिया होटल के पास से अपनी गाड़ी में बैठाकर रानोली लेकर गया था। जहां 0056 और 5600 ग्रुप की शराब पार्टी चल रही थी। आरोप है कि इसी कड़ी में प्रदीप उर्फ मुकेश दड़िया मृतक के साथ था, जबकि दूसरा कांस्टेबल मुकेश भी उसी होटल पर खाना खाने गया था। वहीं लाइन हाजिर हुए गनमैन प्रदीप, नरेंद्र और ड्राइवर नरेंद्र पर आरोप है कि वे मृतक की गाड़ी का इस्तेमाल करते थे।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों का कहना है कि दादिया थाने का सिपाही जयसिंह, जिसने प्रेस के साथ अभद्रता की थी, उस पर भी पुलिस अधीक्षक से शीघ्र और सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।
