सलमान चिश्ती, रायबरेली (यूपी), NIT;
रायबरेली शहर के किनारे ठोकरी ग्राम सभा में बहेलिया समाज की एक जन सभा का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय बहेलिया जनजाति विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेम सिंह बहेलिया ने बहेलिया समाज को एसटी की श्रेणी में रखने की बात कही।
अपने रायबरेली के एक कार्यक्रम में बहेलिया समाज को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा कि बहेलिया समाज को सभी राजनीतिक दलों ने केवल वोट बैंक समझा है। जिसका नतीजा है कि बहेलिया समाज का स्वर्णिम इतिहास होने के बाद भी वह पिछड़ता ही जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि एकलव्य भी एक बहेलिया ही थे और उस जमाने से ही बहेलियों के साथ धोखा किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बहेलिया समाज को एक जुट होने का समय आ चुका है, वे अपनी ताकत को पहचाने जिससे समाज में उनका स्तर उठ सके। उन्होंने कहा कि उनके विकास मंच का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित कर एक मंच पर लाना है। जिससे समाज का आर्थिक और सामाजिक उत्थान हो सके। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला कार्यकारणी संगठन का भी गठन किया। जिसमें जिला संयोजक रामहर्ष बहेलिया एडवोकेट , जिलाध्यक्ष शिवशंकर , जिला उपाध्यक्ष सोनेलाल , जिला प्रभारी भल्लू ठेकेदार , महासचिव सुनील सिंह बहेलिया , जिला सचिव गीता बहेलिया , जिला कोषाध्यक्ष राजा बाबू , संग़ठन मंत्री लाल जी बहेलिया , प्रचार मंत्री रामू बहेलिया , मीडिया प्रभारी अमरदीप बहेलिया , जिला प्रवक्ता मनोज बहेलिया व जिला संयोजक रामदास उर्फ बाबा बहेलिया को चुना गया । जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बधाई के साथ नियुक्ति पत्र भी सौपा । कार्यक्रम में राकेश गुप्ता सहित सैकड़ो की संख्या में बहेलिया समाज के लोग उपस्थित थे ।
