फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:
मनीषा मामले में प्रदेश की राजनीति उफान पर है। लोग पुलिस की थ्योरी पर बड़े सवाल उठा रहे हैं। जगह जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। भिवानी और चरखी दादरी में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। रविवार को भीमसेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर लोहारू जाकर धरने में शामिल हुए और पीड़ित परिवार से मिले। जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए और धरने को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।
पुलिस की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले पर जमकर राजनीति हो रही है। पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर ने 24 अगस्त को सम्पूर्ण हरियाणा बंद का आहवान किया है। लोगों से अपील की जा रही है कि शांतिप्रिय तरीके से सीबीआई जांच की मांग को लेकर हरियाणा बंद को सफल बनाएं। उन्होंने किसान संगठनों, खाप पंचायतों का भी आहवान करते हुए कहा है कि इस बंद में शामिल हों। हरियाणा बंद का ऐलान किए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। चरखी दादरी और भिवानी में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
सतपाल तंवर ने हाथरस के मनीषा वाल्मीकि मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस अब बीजेपी के इशारे पर यूपी पुलिस से चार कदम आगे चल रही है। हाथरस मामले में भी उत्तर प्रदेश पुलिस के उस समय के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने भी ऐसा ही बयान दिया था कि मनीषा वाल्मीकि के साथ रेप की कोई घटना नहीं हुई। लेकिन सीबीआई जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार भी हुए और रेप, दरिंदगी की पुष्टि भी हुई। तंवर ने कहा कि ऐसा ही हरियाणा के भिवानी में हुआ है। इसलिए सीबीआई जांच की मांग को लेकर 24 अगस्त को सम्पूर्ण हरियाणा बंद रहेगा।

