शिक्षक होंगे निलंबित, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की होगी सेवा समाप्त: डीएम | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उन निरीक्षणों की रिपोर्ट पर आधारित थी, जो हाल ही में जन चौपाल के अंतर्गत नियुक्त 64 नोडल अधिकारियों द्वारा न्याय पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सफाई व्यवस्था को लेकर किए गए थे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से एक एक कर उनकी रिपोर्ट की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जांच रिपोर्टें तथ्यों सहित विस्तृत रूप में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में यदि कोई भी कर्मचारी या अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शिक्षक होंगे निलंबित, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की होगी सेवा समाप्त: डीएम | New India Times

उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विद्यालयों में नियमित शिक्षक उपस्थित नहीं हो रहे हैं और उनके स्थान पर अन्य व्यक्तियों से पठन-पाठन कराया जा रहा है, वहां संबंधित शिक्षकों को तत्काल निलंबित किया जाए। इसी तरह, जो आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से बंद रहते हैं, उन केंद्रों की कार्यकत्रियों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाए।

स्वच्छता व्यवस्था में शिथिलता पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो सफाई कर्मचारी स्वयं कार्य न कर किसी और से सफाई करवा रहे हैं, उन कर्मचारियों और सफाई कराने वालों — दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मचारियों के लिए स्पष्ट समय-सारणी तय की जाए और ग्राम स्तर पर सफाई का रोस्टर तैयार कर उसी के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह निरीक्षण प्रणाली अब सतत रूप से जारी रहेगी और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने  कहा कि “जनसेवा में लापरवाही करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article