मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

निमाड़ के जननायक दिवंगत सांसद स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान ज़िला चिकित्सालय बुरहानपुर में विगत सप्ताह से ट्रांसफर को लेकर चल रही उठा पटक सर्व विदित है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बुरहानपुर का अन्यत्र ट्रांसफर हुआ, वही सिविल सर्जन को पद अवनत कर ट्रांसफर किए जाने पर उन्हों ने न्यायालय का दरवाज़ा खट खटा कर एवं स्टे आर्डर लाकर दोबारा प्रभार ग्रहण कर लिया। इसी दरमियान श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय नेत्र चिकित्सालय लालबाग रोड बुरहानपुर में पदस्थ नेत्र सर्जन डॉक्टर कैलाश खेरनार का भी ज़िला बुरहानपुर से खंडवा ट्रांसफर होना बताया गया है। बुरहानपुर के लालबाग रोड पर संचालित ज़िला नेत्र चिकित्सालय भाजपा के पित्र पुरुष पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से समर्पित है। स्वर्गवासी पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक ही उद्देश्य एवं लक्ष्य दरिद्र नारायण की सेवा का था। और उनके नाम से यह सेवा ज़िला चिकित्सालय बुरहानपुर में पदस्थ नेत्र सर्जन डॉ कैलाश खेरनार बखूबी अंजाम दे रहे थे।
कहा जा सकता है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में पदस्थ नेत्र सर्जन डॉक्टर कैलाश खैरनार जिले की जनता को निशुल्क रोशनी देने का काम कर रहे थे लेकिन उनके ट्रांसफर होने से जनता को खासी परेशानी होने के इमकानात हैं। जिले के समाज सेवा से जुड़े सभी लोग इस बात को भली-भांति जानते हैं कि डॉक्टर कैलाश खैरनार औसतन 10 से 15 नेत्र सर्जरी/ नेत्र ऑपरेशन प्रतिदिन जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में करते थे। विगत तीन वर्षों के आंकड़ों का अवलोकन किया जाए तो 1000 से 1200 के बीच में नेत्र ऑपरेशन डॉक्टर कैलाश द्वारा संपन्न किया जाता था मध्य प्रदेश के संदर्भ में देखा जाए तो 52 जिलों में बुरहानपुर चिकित्सालय का तीसरा नंबर था ऐसी स्थिति में इनका ट्रांसफर होने से जिले की जनता को खासी परेशानी होगी। बुरहानपुर की कद्दावर भाजपा नेत्री, बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस दीदी जिला चिकित्सालय की मांगों को लेकर सदा सक्रिय रहती है।
शाहपुर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में परिवर्तित करने के लिए अभी हाल ही में उन्होंने विभागीय मंत्री से भेंट करके ये मांग रखी है। 30 करोड़ की लागत से नवनिर्मित जिला चिकित्सालय के लिए भी विधायक अर्चना चिटनिस दीदी ने बहुत कुछ किया है। लेकिन स्टाफ की कमी आज भी बनी हुई है। ऐसी स्थिति में 9 लाख की आबादी वाले इस नेत्र चिकित्सालय में जहां बुरहानपुर ही नहीं महाराष्ट्र के लोग भी आकर लाभान्वित होते हैं। जनता को निःशुल्क सेवाएं प्राप्त होती है ऐसी स्थिति में नेत्र सर्जन डॉक्टर कैलाश खेरनार का ट्रांसफर करना उचित प्रतीत नहीं होता है। जिले के सभी जनप्रतिनिधि गण और समाज सेवियों से जिले की जनता की मांग है कि नेत्र चिकित्सक डॉक्टर कैलाश खैरनार को बुरहानपुर में ही जनता की सेवा करने का अवसर प्रदान किया जावे एवं उनका स्थानांतरण निरस्त कर बुरहानपुर यथावत किया जाए।

