निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
स्थानीय तहसील एसडीएम कार्यालय में बुधवार को एसडीएम कुणाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर में व्याप्त अतिक्रमण और कस्बे में जाम की समस्या पर चर्चा की गई। बैठक में व्यापारियों को सड़क पर बेतरतीब वाहनो अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानों से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लेकर एक सप्ताह के बाद अतिक्रमण हटाते हुए पन्द्रह दिनों तक लगातार बेतरतीब वाहनों का चालान कर जुर्माना लगाने की बात कही।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़कों पर दुकानें नहीं लगेंगी। एसडीएम ने कहा कि सीएचसी डुमरियागंज रोड से इत्तेहादे मिल्लत मस्जिद बढ़नी रोड तक दुकानदार बेतरतीब तरीके से दुकानें लगाकर सड़क पर अतिक्रमण कर लेते हैं, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है। उन्होंने दुकानदारों से नियमानुसार दुकानें लगाने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण से हो रही दिक्कतें
व्यापार मण्डल अध्यक्ष शिवकुमार बर्मा, अनिल जायसवाल, ओम बाबू छापड़िया ने भी अतिक्रमण की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि नगर में अतिक्रमण इतना बढ़ चुका है कि राहगीरों का चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि अगर नगर में कोई दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो पुलिस, एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड के वाहन बाजार के अंदर फंसे रहते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
सभी ने स्पष्ट रूप से कहा कि इटवा के पास चारों रोड पर पांच फिट के अंदर किसी भी प्रकार की कोई दुकान नहीं लगेगी।
इस बैठक में अनिल जायसवाल, शिवकुमार बर्मा , ओम बाबू छापड़िया, नरेन्द्र छापड़िया, आनन्द छापड़िया, रिजवान अहमद सिद्दीक़ी सहित गिरी बाबा सगरा सहित लोग उपस्थित रहे।

