मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार, महाराष्ट्र सरकार के साथ चर्चा कर क़रार करने की ओर आगे बढ़ रही है। विश्व की इस सबसे बड़ी ग्राउंड रिचार्ज परियोजना से क्षेत्र का कोना-कोना सिंचित होगा। उल्लेखनीय है कि देश व दुनिया की एक अभिनव एवं अजूबी ‘‘ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना‘‘ की सूत्रधार विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) है और वह इसको मूर्तरूप दिलाने हेतु लगातार प्रयासरत होकर प्रयत्नशील है। विधायक बुरहानपुर श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के नेतृत्व में बुरहानपुर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट के लिए मंत्रालय आए कृषकों से चर्चा कर रहे थे।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह महती परियोजना विश्व की अनोखी ग्राउंड वाटर रिचार्ज परियोजना है जिसमें प्रकृति द्वारा निर्मित बजाडा झोन के डिफाल्ट को उपयोग में लाकर माँ ताप्ती के तलहटी में जलभराव की योजना है। 1991 में केंद्रीय भूजल बोर्ड ने 6 वर्षों तक अध्ययन कर इसकी क्रियान्वयन एवं उपयोगिता पर 7 खंडों में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद इस परियोजना को गति प्राप्त हुई तथा उन्होंने एक टास्क फोर्स गठित करने हेतु निर्देशित किया। उक्त टास्क फोर्स ने 9 माह के रिकॉर्ड समय में इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की। डीपीआर तैयार होने के बाद अब परियोजना मूर्तरूप लेने को तैयार है क्योंकि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार है राज्य में हमारे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस की सरकार है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना को लेकर उत्साहित है।
किसानों और क्षेत्रीय जनता के हित में नवलसिंह सहकारी शक्कर कारखाने का किया जाए संचालन: मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित बुरहानपुर के प्रतिनिधियों ने भी भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकहित में शक्कर कारखाने का संचालन करने में सक्षम संचालक मंडल का गठन कर किसानों और क्षेत्रीय जनता के हित में कारखाने का संचालन किया जाए, राज्य सरकार हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है। बुरहानपुर से आए किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से तरबूज और खरबूज के लिए आरबीसी 6-4 के मुआवजे में वृद्धि का आग्रह ने भी किया। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल तथा विधायक सुश्री मंजू दादू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व कृषकगण उपस्थित रहे।

