मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान एवं गीता जयंती की तैयारियों के संबंध में प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने की बैठक | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान एवं गीता जयंती की तैयारियों के संबंध में प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने की बैठक | New India Times

सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने 11 दिसम्बर से प्रारंभ हो रहे मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान,जनकल्याण पर्व एवं भोपाल लाल परेड में गीता जयंती पर आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक की।

प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की शुरुआत 11 दिसम्बर से की जाएगी, जो 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के दिन संपन्न होगा। इस दौरान 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक जनकल्याण पर्व भी मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शिविरों का आयोजन किया जाए, जहां पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की तैयारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने भोपाल में गीता जयंती के अवसर पर 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लाल परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियाँ समय सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाल परेड मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में 6000 बटुक एक साथ सस्वर गीता पाठ कर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। इस हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जायें।

इसी के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम से “लाडली बहना योजना” की पात्र बहनों को दिसंबर माह की राशि उनके खातों में अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का शुभारंभ इस कार्यक्रम से होगा और इसका समापन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया जाएगा।

इस अवधि में सभी क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और हर स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुंवर नवरंग गुर्जर, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस कमिश्नर श्री हरिनारायण चारी मिश्र, सीईओ जिला पंचायत श्री ऋतुराज सिंह और नगर निगम आयुक्त श्री हरेन्द्र नारायण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.