सलमान चिश्ती, रायबरेली (यूपी), NIT;
रायबरेली जिला के शिवगढ़ विकास क्षेत्र के संपर्क मार्ग ढोढवापुर से बछरावां रोड तक 2 किलो मीटर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें विभाग द्वारा डस्ट के स्थान पर मिट्टी डालने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए फोन से जिलाधिकारी से शिकायत की।
विदित हो कि विकास क्षेत्र के ढोढवा पुर मार्ग से दो किलोमीटर बछरावा तक पीडब्ल्यूडी द्वारा सडक निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें मानक को दरकिनार कर मानक की धज्जियां उड़ाते हुए बीती रात सड़क निर्माण में डस्ट के स्थान पर मिट्टी डाली गई जिसको लेकर बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने दूरभाष से जिलाधिकारी को भी अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि मानक के हिसाब से अगर रोड में डामर नहीं डाला गया तो हम निर्माण नहीं होने देंगे। विरोध कर रहे सूर्यपाल वर्मा , रामनाथ वर्मा , राम महेश पाल, दिनेश पटेल व दिनेश प्रधान ढोढवापुर सहित ग्रामीणों में इसको लेकर काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मानक के हिसाब से सडक नहीं बनी तो आंदोलन किया जाएगा।
