कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 147 आवेदकों ने दिये आवेदन | New India Times

अविनाश द्विवेदी, कटनी ( मप्र ), NIT; ​कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 147 आवेदकों ने दिये आवेदन | New India Timesमंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर ने जनसुनवाई आयोजित की।  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुवाई में जिले भर से लगभग 147 आवेदकों ने अपने आवेदन दिये। जिस पर कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। 

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत फ्रेंक नोबल ए, अपर कलेक्टर डॉ0 सुनन्दा पंचभाई और निगमायुक्त संजय जैन ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियो को वीसी और मोबाईल के माध्यम से निराकरण करने के लिये निर्देशित भी किया।     मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नगर परिषद् कैमोर निवासी पूनम ने बीपीएल कार्ड ना बनने की शिकायत कलेक्टर से की। उसने बताया कि लोक सेवा केन्द्र में आवेदन करने के बाद उसके परिवार का बीपीएल सूची में नाम जुड़ गया था। लेकिन अब तक बीपीएल कार्ड नहीं बना है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम विजयराघवगढ़ को इसकी जांच और आवश्यक कार्यवाही के लिये निर्देशित किया।

बड़वारा जनपद के ग्राम झरेला से आये रोहनी प्रसाद ने जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास और शौचालय को लेकर आवेदन जनसुनवाई में कलेक्टर को दिया। रोहणी ने बताया कि उसके ग्राम पंचायत सरपंच के घर में शौचालय अब तक नहीं बना है। इस पर कलेक्टर ने दोनों ही मामलों में तहसीलदार बड़वारा को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में विजयराघवगढ़ जनपद के ग्राम सिजहनी से आये लगभग 70 वर्षीय वृद्ध दिव्यांग बाबू लाल ने सहायता के लिये आवेदन कलेक्टर को दिया। उसने बताया कि वह पैरों से चलने फिरने में असमर्थ है। इस पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के कर्मचारी को पात्रता की जांच ऑनलाईन करने के निर्देश दिये। साथ ही पात्रता अनुसार योजना का लाभ हितग्राही बाबू लाल को दिलाने के लिये भी निर्देशित किया।
 वहीं ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम उमरिया से आई पार्वती बाई ने अपनी दिव्यांग पुत्री के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिये कलेक्टर को अपना आवेदन जनसुनवाई में दिया। उसने बताया कि उसकी 43 वर्षीय बेटी विकलांग है और वह स्वयं विधवा है। गरीबी रेखा का कार्ड और शासन की योजनाओं का लाभ दिलायें। इस पर कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने पात्रता अनुसार लाभ दिलाने के लिये सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।

 ग्राम पंचायत पुंछ के ग्राम करहिया से आये नत्थू लाल ने राशन ना मिलने की बात कलेक्टर को जनसुनवाई में बताई। अपना आवेदन देते हुये उसने बताया कि उसका बीपीएल कार्ड वर्ष 2014से बना है, लेकिन राशन नहीं मिल रहा है। इस कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश जनसुनवाई में ही दिये।

 जनसुनवाई में रीठी तहसील के ग्राम मुहास से आये जगदीश पिता घुर्रा चौधरी ने इलाज के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिये आवेदन कलेक्टर को दिया। उसने बताया कि डॉक्टर ने उसे फेफड़ों का ऑपरेशन करने की सलाह दी है। आर्थिक स्थित सही नहीं होने के कारण वह अपना इलाज कराने मे ंअसमर्थ है। इस पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को स्वास्थ्य परीक्षण करने और राज्य बीमारी सहायकता का प्रकरण शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिये।

बिजली बिल अधिक आने की शिकायत लेकर भी बहुत से आवेदक जनसुनवाई में आए, जिन्होंने अपनी समस्या बताई। इस पर विद्युत मंडल के अधिकारियों को यथोचित निराकरण के निर्देश कलेक्टर ने दिए। ग्रामीण विकास के कई आवेदनों को निराकरण सीईओ जिलापंचायत फ्रेंक नोबल ए ने किया। वहीं निगम आयुक्त ने शहरी क्षेत्र के आवेदनों की सुनवाई की।

By nit