रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बडोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

नवागत कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार थांदला एसडीएम श्री तरुण जैन द्वारा थांदला क्षेत्र की उचित मूल्य दुकान जुलवानिया बड़ा, परवलिया एवं बेड़ावा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उचित मूल्य दुकान जुलवानिया बड़ा में स्थान को प्रदर्शित करने वाला पीला बोर्ड नहीं लगा होना पाया गया एवं पीओएस मशीन स्टॉक में 22 क्विंटल का अंतर होने से पूर्व में ही कारण बताओ सूचना पत्र जारी हो चुका है। उचित मूल्य दुकानदार को तुरंत पीला बोर्ड लगवाने के लिए निर्देशित किया गया।

वही उचित मूल्य दुकान परवलिया की जांच में दुकान खुली होकर पात्र परिवारों को राशन वितरित किया जाना पाया गया। एसडीएम थांदला ने उपभोक्ताओं से रूबरू बात की जिसमें उपभोक्ताओं ने निःशुल्क खाद्यान्न प्रतिमाह प्राप्त होना स्वीकार किया।
इसी प्रकार एक अन्य उचित मूल्य दुकान बेड़ावा के निरीक्षण में पीओएस मशीन के स्टॉक से लगभग 380 क्विंटल खाद्यान्न जांच में कम मिला। जांच में पूर्व विक्रेता श्री मुकेश पिता रामचंद्र निनामा द्वारा राशन वितरण में गंभीर अनियमितता एवं स्टॉक का व्यपवर्तन करने से विक्रेता के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री सुरेश तोमर को निर्देशित किया गया।
