संकल्प प्रयास: ज़िले के युवाओं के लिए यू.पी.एस.सी/एम.पी.पी.एस.सी. में निःशुल्क कोचिंग का किया शुभारंभ | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बडोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

संकल्प प्रयास: ज़िले के युवाओं के लिए यू.पी.एस.सी/एम.पी.पी.एस.सी. में निःशुल्क कोचिंग का किया शुभारंभ | New India Times

कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा द्वारा शासकीय आदर्श महाविद्यालय झाबुआ में जिले के युवाओं को यू.पी.एस.सी./एम.पी.पी.एस.सी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने हेतु ‘‘संकल्प ‘‘प्रयास एक बेहतर भविष्य निःशुल्क कक्षा का फीता काटकर एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया।
कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा द्वारा बच्चों को कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने हेतु अपने आप में एक जुनून होना चाहिए। तब ही वह सफलता पा सकते हैं। हमें सिर्फ क्लासेस पर ही निर्भर नहीं रहना है हमें सेल्फ स्टडी भी करना है। हमने एक रूपरेखा तैयार की है, उसके अनुसार पढ़ाया जाएगा। प्रतिदिन आपको क्लासेस अटेंड करनी है और उसका रिवीजन भी करना है। सभी बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं भी दी।

पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेखा राठौर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अनिल राठौर द्वारा अपने अनुभव सांझा करते हुए बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित किया गया। यह विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे हैं और अपने सपने को साकार करना चाहते हैं साथ ही इस लोक सेवा आयोग की कोचिंग के लिए समय-समय पर विशेष व्याख्याताओं द्वारा एवं चयनित प्राशासनिक अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इस प्रकार की कोचिंग महाविद्यालय में पहले भी संचालित की जा रही थी। जिसमें विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया।

इसमें झाबुआ जिले के महाविद्यालयों से विषय विशेषज्ञ बुला कर कक्षाएं संचालित की जायेगी, जिससे विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी की जाएगी। झाबुआ में विद्यार्थियों में जिस तरह से मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का रुझान है उसको देखते हुए इस प्रकार की निःशुल्क कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है जिससे कि आस-पास के गांव से आने वाले विद्यार्थी जो निजी कोचिंग कक्षाएं नहीं कर सकते हैं उन्हें निःशुल्क लाभान्वित और मार्गदर्शन प्रदान किया जा सके। बच्चों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई। मुख्य अतिथियों द्वारा पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही वहां की व्यवस्थाओं को भी जाना। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. सी. सिन्हा, शासकीय आदर्श महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रविंद्र सिंह, अन्य शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.